
खटीमा। लोक निर्माण विभाग के डिप्लोमा इंजीनियर्स ने अपर सहायक अभियंता राजीव गौड़ के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार के विरोध में मोर्चा खोल दिया है। इंजीनियर्स ने उप जिलाधिकारी तुषार सैनी को ज्ञापन सौंपकर मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। विरोध स्वरूप डिप्लोमा इंजीनियर्स ने कार्य बहिष्कार भी किया।
बताया जा रहा है कि मामला 6 सितंबर का है। आरोप है कि बाजपुर के लेवड़ा पुल के पास प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में काशीपुर में तैनात अपर सहायक अभियंता राजीव गौड़ के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया। इंजीनियर्स का आरोप है कि इस दौरान उनके चेहरे पर कीचड़ भी पोता गया। घटना को इंजीनियर्स ने बेहद निंदनीय और अपमानजनक बताया है।
दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
घटना के विरोध में खटीमा लोक निर्माण विभाग की खंड स्तरीय डिप्लोमा इंजीनियर्स इकाई के पदाधिकारी और सदस्य एकजुट हुए। उन्होंने उप जिलाधिकारी तुषार सैनी को ज्ञापन सौंपते हुए घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
इंजीनियर्स ने कहा कि सरकारी अधिकारी और कर्मचारियों के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।
वहीं, घटना के विरोध में डिप्लोमा इंजीनियर्स द्वारा कार्य बहिष्कार किए जाने से विभागीय कार्य भी प्रभावित हुआ। इंजीनियर्स ने स्पष्ट किया कि जब तक मामले में उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे अपने विरोध को लेकर आगे की रणनीति पर निर्णय लेते रहेंगे।
पीयूष शर्मा अपर सहायक सहायक अभियंता खटीमा
तुषार सैनी उपजिलाधिकारी खटीमा
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post