कृषि मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को कैंप कार्यालय से वर्चुअल माध्यम से केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रतिभाग किया। बैठक में आगामी 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम की तैयारियों और प्रस्तावित कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विभिन्न राज्यों के कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्रियों से सेवा पखवाड़ा के आयोजन को लेकर सुझाव भी लिए।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवा पखवाड़ा के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कार्यक्रमों में व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने और सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
मंत्री जोशी ने कहा कि सेवा पखवाड़ा के तहत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को शाम 7 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर उत्तराखंड के करीब 10 लाख किसान अपने-अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाकर प्रधानमंत्री को जन्मदिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देंगे।
कृषि मंत्री ने प्रदेशवासियों से भी इस अभियान में अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी करते हुए 17 सितंबर की शाम आशीर्वाद का दीप जलाने का आह्वान किया।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post