पटेलनगर क्षेत्र में बैंककर्मी सत्यम कुमार पर हुई फायरिंग की वारदात का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, प्रेम संबंध में धोखे से नाराज एक महिला ने अपने पूर्व प्रेमी की हत्या की साजिश रची और शूटर को पांच लाख रुपये की सुपारी दी। शूटर को एक लाख 20 हजार रुपये एडवांस भी दिए गए थे।
पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी महिला, उसके साथी और मुठभेड़ में घायल शूटर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
पांच साल से था संपर्क, सगाई के बाद बिगड़े रिश्ते
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला करीब पांच साल से सत्यम कुमार के संपर्क में थी। इस दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। सत्यम की दूसरी युवती से सगाई होने के बाद दोनों के बीच बातचीत बंद हो गई। इसी बात से नाराज महिला ने सत्यम को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
पुलिस जांच में सामने आया कि महिला ने हत्या के लिए शूटर से पांच लाख रुपये में सौदा तय किया था और उसे एक लाख 20 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे।
8 सितंबर को बड़ोवाला में की फायरिंग
साजिश के तहत 8 सितंबर को बड़ोवाला क्षेत्र में सत्यम कुमार पर फायरिंग की गई। गोली लगने से सत्यम घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया गया।
मुठभेड़ में शूटर के पैर में लगी गोली
जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में अहम सुराग मिले। 11 सितंबर की रात पुलिस की आरोपियों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान शूटर अंकित चौहान के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं उसका साथी अंकुर मौके से फरार हो गया।
इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला और उसके साथी मोहित को आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस फरार आरोपी अंकुर की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात, देहरादून
Reported By: Shiv Narayan












Discussion about this post