भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) देहरादून शाखा कार्यालय की ओर से हल्द्वानी में ज्वैलर्स के लिए हॉलमार्किंग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 100 से अधिक ज्वैलर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान हॉलमार्किंग व्यवस्था में किए गए नए प्रावधानों और उपभोक्ता हितों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम में BIS देहरादून के निदेशक एवं प्रमुख हेमंत बी. आडे और हॉलमार्किंग अधिकारी सचिन चौधरी ने ज्वैलर्स को हॉलमार्किंग की नवीनतम व्यवस्था, HUID और BIS Care ऐप की उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के राज्य मंत्री नवीन वर्मा, व्यापार मंडल के सचिव राजेश अग्रवाल तथा सर्राफा बाजार के अध्यक्ष हेम प्रकाश वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
BIS Care ऐप पर मिलेगी आभूषण की फोटो और वजन की जानकारी
BIS देहरादून के निदेशक एवं प्रमुख हेमंत बी. आडे ने बताया कि BIS Care ऐप में अब हॉलमार्क वाले सोने के आभूषण की फोटो और वजन की जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है। इससे उपभोक्ता ऐप के माध्यम से खरीदे गए सोने के आभूषण की जानकारी का सत्यापन कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि इस सुविधा से आभूषण खरीद में पारदर्शिता बढ़ेगी और ग्राहकों का विश्वास मजबूत होगा।
चांदी के आभूषणों के लिए छह अंकों की HUID व्यवस्था
हॉलमार्किंग अधिकारी सचिन चौधरी ने बताया कि BIS ने हॉलमार्क वाले चांदी के आभूषणों के लिए भी छह अंकों की HUID (Hallmark Unique Identification) व्यवस्था शुरू की है। उपभोक्ता HUID अंकित चांदी के आभूषण खरीदकर BIS Care ऐप के माध्यम से उनकी प्रामाणिकता की जांच कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि HUID युक्त हॉलमार्क चांदी के आभूषणों के लिए 800 PPT (parts per thousand) न्यूनतम शुद्धता निर्धारित की गई है।
मानकों का पालन करने की अपील
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों ने उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा में हॉलमार्किंग व्यवस्था की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने ज्वैलर्स से BIS के निर्धारित मानकों और हॉलमार्किंग संबंधी प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की।
BIS अधिकारियों ने ज्वैलर्स को हॉलमार्किंग की नई व्यवस्था, HUID और BIS Care ऐप के इस्तेमाल की जानकारी देने के साथ ही उपभोक्ताओं को प्रमाणित एवं हॉलमार्कयुक्त आभूषण खरीदने के लिए जागरूक करने पर जोर दिया। अधिकारियों ने कहा कि हॉलमार्किंग व्यवस्था से आभूषणों की शुद्धता को लेकर उपभोक्ताओं के बीच पारदर्शिता और भरोसा बढ़ाने में मदद मिलेगी।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post