
राजधानी देहरादून के थाना रायपुर क्षेत्र में एटीएस कॉलोनी के समीप स्थित एक निर्माणाधीन भवन में 52 वर्षीय व्यक्ति का रक्तरंजित शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, सुबह कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से पुलिस को घटना की सूचना मिली। इसके बाद थानाध्यक्ष रायपुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक की पहचान पंजाब के फतेहगढ़ साहिब निवासी पंकज मित्तल के रूप में हुई है। बताया गया कि वह पिछले करीब डेढ़ वर्ष से देहरादून में रहकर काम कर रहे थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का तकनीकी निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
क्षेत्राधिकारी डोईवाला वंदना वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में व्यक्ति की मौत पांचवीं मंजिल से नीचे गिरने के कारण होने की आशंका है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही चल सकेगा।
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वंदना वर्मा , क्षेत्राधिकारी डोईवाला देहरादून
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post