बारिश और बर्फबारी के बावजूद चारधाम यात्रा फिर रफ्तार पकड़ रही है। श्रद्धालुओं के उत्साह के बीच केदारनाथ धाम ने इस बार नया रिकॉर्ड बनाया है। बुधवार तक यहां 16 लाख 52 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जबकि कपाट बंद होने में अभी 14 दिन शेष हैं। वर्ष 2024 में पूरे यात्राकाल में इतनी ही संख्या दर्ज की गई थी।
बुधवार को 5614 श्रद्धालुओं ने केदारनाथ में दर्शन किए। कपाट 23 अक्टूबर को भैयादूज पर बंद होंगे। बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में भी यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
इस वर्ष मानसून सीजन में भारी बारिश, भूस्खलन और बादल फटने से यात्रा बुरी तरह प्रभावित हुई थी, लेकिन शासन-प्रशासन ने युद्धस्तर पर कार्य कर मार्गों को पुनः सुचारू किया। गंगोत्री धाम का महत्वपूर्ण पड़ाव धराली तबाह हो गया था, जिसके बाद यात्रा रोकनी पड़ी थी। अब सभी धामों में यात्रा सुरक्षा इंतजामों के साथ जारी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी जिलाधिकारियों को श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। यात्रा मार्गों पर सुरक्षा बल, जेसीबी मशीनें और राहत-बचाव दल अलर्ट मोड पर तैनात हैं। यात्रियों से खराब मौसम में सतर्क रहने और यात्रा टालने की अपील की गई है।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post