उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को रुड़की स्थित आनंद स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर शिशु वाटिका के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में उन्होंने मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष उत्तराखंड के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार मिलना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड नई शिक्षा नीति (एनईपी) लागू करने वाला देश का पहला राज्य है और सरकार शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार कक्षा 10वीं और 12वीं के मेधावी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान कर रही है। साथ ही प्रदेश के टॉपर विद्यार्थियों को ‘भारत भ्रमण’ पर भेजने की भी व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हें देश की विविध संस्कृति, इतिहास और विकास कार्यों को नजदीक से जानने का अवसर मिल सके।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर भी तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार यात्रा को दिव्य, भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। हरिद्वार और ऋषिकेश देशभर से आने वाले शिवभक्तों की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं और राज्य सरकार सभी श्रद्धालुओं का उत्तराखंड में स्वागत करती है।
मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और नियमों का पालन करें, ताकि कांवड़ यात्रा सुरक्षित, सुचारु और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा और व्यवस्थाएं की गई थीं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post