
उत्तराखंड के लोक पर्व हरेला के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने खटीमा स्थित आवास पर वृक्षारोपण कर प्रदेशवासियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने सभी लोगों से हरेला के अवसर पर अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हरेला केवल एक पारंपरिक लोक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और मानव जीवन के बीच गहरे संबंध का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज से शुरू हो रहे ‘थीमैटिक वृक्षारोपण अभियान’ से जुड़कर प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण वानिकी और ईको-टूरिज्म को बढ़ावा दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी नागरिक इस पहल से प्रेरणा लें और एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह अभियान एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा और हरित उत्तराखंड के निर्माण में जनभागीदारी की अहम भूमिका रहेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 16 जुलाई से शुरू हुआ थीमैटिक वृक्षारोपण अभियान एक माह तक चलेगा, जिसके तहत प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा। अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर पौधे लगाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित पर्यावरण के निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post