
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अशोक त्रिपाठी ने हरिद्वार के कनखल स्थित सतीकुंड सौंदर्यीकरण परियोजना में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने परियोजना की लागत बढ़ाने और ठेके के आवंटन की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से करने की बात कही है।
प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में अशोक त्रिपाठी ने दावा किया कि मूल रूप से करीब 5 करोड़ रुपये की योजना की डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) बढ़ाकर 61 करोड़ रुपये कर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि परियोजना के ठेके के आवंटन में उत्तराखंड की सरकारी एजेंसियों और स्थानीय ठेकेदारों की अनदेखी करते हुए गुजरात की एक कंपनी को कार्य सौंप दिया गया।
उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में पारदर्शिता नहीं बरती गई और इसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उनका कहना था कि यदि जांच होती है तो परियोजना से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।
अशोक त्रिपाठी ने कहा कि वह इस मामले को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष भी उठाएंगे और परियोजना की जांच की मांग करेंगे।
गौरतलब है कि हरिद्वार के कनखल स्थित सतीकुंड के सौंदर्यीकरण का कार्य इन दिनों प्रगति पर है। हालांकि, परियोजना को लेकर लगाए गए आरोपों पर संबंधित विभाग या कार्यदायी संस्था की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
अशोक त्रिपाठी, वरिष्ठ भाजपा नेता
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post