
स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान के तहत देहरादून में जिला प्रशासन और नगर निगम की ओर से विशेष सफाई अभियान चलाया गया। परेड ग्राउंड, पटेलनगर, हिंदू नेशनल स्कूल लक्ष्मण चौक और रेसकोर्स समेत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान करीब 40 टन कूड़ा उठाया गया। इस दौरान जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों, नगर निगम कर्मचारियों और जीजीआईसी राजपुर की छात्राओं के साथ स्वयं कूड़ा उठाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि दीपावली से लेकर राज्य स्थापना दिवस तक स्वच्छता अभियान निरंतर जारी रहेगा। अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही कूड़े का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए जैव अपघटनीय और गैर-जैव अपघटनीय कचरे को अलग-अलग एकत्र कर उनका उचित निस्तारण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शहर के प्रमुख स्थानों के साथ ही रिस्पना नदी और अन्य चिह्नित क्षेत्रों में भी विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखना और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है।
डीएम ने आमजन से अपील की कि वे सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाएं और घरों से निकलने वाले गीले व सूखे कचरे को अलग-अलग रखें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर बनाने के लिए प्रशासन के प्रयासों के साथ ही आम नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है।
डॉ आशीष चौहान, डीएम देहरादून
Reported By; Shiv Narayan













Discussion about this post