संविधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने विकास भवन परिसर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में प्रतिभाग कर अधिकारियों और कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना की सामूहिक शपथ दिलाई। यह आयोजन संविधान को अंगीकार करने के दिवस को स्मरण करते हुए सरकारी तंत्र में संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
जिलाधिकारी ने प्रस्तावना का वाचन करते हुए सभी कर्मियों को न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के सिद्धांतों को अपने कार्यों और जनता के प्रति व्यवहार में उतारने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संविधान केवल कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि सुशासन और सामाजिक न्याय का मार्गदर्शक है।
डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को याद करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों से निष्पक्ष, संवेदनशील और भेदभाव रहित सेवा प्रदान करने की अपील की।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह ने संविधान दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए सभी से संवैधानिक मूल्यों को जीवन में आत्मसात करने का आग्रह किया। वहीं जिला कलेक्ट्रेट परिसर में भी उप जिलाधिकारी देवानंद शर्मा द्वारा अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई गई।
Reported By: Gopal Nautiyal












Discussion about this post