देहरादून पुलिस ने भूमि धोखाधड़ी के एक बड़े मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। देहरादून पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रदीप सकलानी और उसके साथी अजय सजवाण को डालनवाला क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
मामला थाना थाना रायपुर में वर्ष 2025 में दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता विक्रम सिंह ने आरोप लगाया था कि आरोपियों ने ग्राम सौंडा सरोली स्थित भूमि को अपने परिचित की बताकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और जमीन बेचने के नाम पर उनसे 30 लाख रुपये की ठगी की।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने जिस भूमि को बेचने का दावा किया था, उसके वास्तविक मालिकों ने उन्हें किसी प्रकार का अधिकार नहीं दिया था। आरोपियों ने फर्जी अनुबंध पत्र तैयार कर पीड़ित से बयाने के रूप में रकम ली। बाद में धनराशि वापस मांगने पर दिए गए चेक भी बाउंस हो गए।
मुख्य आरोपी प्रदीप सकलानी मामले के दर्ज होने के बाद से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी डालनवाला के एकता विहार क्षेत्र में किसी संपत्ति को बेचने के लिए लोगों से संपर्क कर रहा है। इसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए देहरादून में लगातार किराये के मकान बदलता रहता था और हर दो-तीन महीने में अपना ठिकाना बदल देता था।
पुलिस के अनुसार प्रदीप सकलानी बेहद शातिर किस्म का अपराधी है, जो विशेष रूप से पहाड़ी मूल के लोगों, फौजियों और अन्य राज्यों में रहने वाले उत्तराखंड के लोगों को सस्ती जमीन दिलाने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाता था। वह दूसरों की जमीन को अपनी या परिचितों की बताकर मोटी रकम ऐंठता था।
आरोपी के खिलाफ देहरादून के विभिन्न थानों में भूमि धोखाधड़ी के 27 मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा थाना थाना नेहरू कॉलोनी में दर्ज तीन अन्य मामलों में भी वह वांछित था, जिनमें तीन करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी सामने आई थी।
SSP Promod Dhobal
Reported By: Shiv Narayan












Discussion about this post