
एसीपी (प्रोन्नत वेतनमान) बहाली संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर राज्य कर्मचारियों को पूर्व की भांति 10, 16 और 26 वर्ष की सेवा पर तीन पदोन्नत वेतनमान बहाल करने की मांग को लेकर जनजागरण अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में विभिन्न सरकारी विभागों और कार्यालयों में कर्मचारियों से संपर्क कर आगामी 27 नवंबर को देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाली रैली को सफल बनाने की अपील की जा रही है।
अभियान के तहत मोर्चे के पदाधिकारियों ने मंगलवार को कोषागार निदेशालय, खाद्य आपूर्ति निदेशालय रिंग रोड, सूचना विभाग और किसान भवन में कर्मचारियों से मुलाकात की। इस दौरान गेट मीटिंग और जनसंपर्क के माध्यम से एसीपी बहाली की मांग को लेकर आंदोलन की रूपरेखा पर चर्चा की गई।
कोषागार निदेशालय में अध्यक्ष योगेंद्र कुमार सहित अन्य कर्मचारियों से वार्ता की गई। वहीं खाद्य आपूर्ति विभाग में हिमांशु भट्ट, गणेश चंद, सत्यकाम, बीना, सुनीता रावत और कमल सिंह चौहान सहित कर्मचारियों से संपर्क कर रैली में भागीदारी की अपील की गई।
सूचना विभाग में कर्मचारी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश रावत से भी मुलाकात की गई। उन्होंने राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद और कर्मचारियों के आंदोलन को समर्थन देते हुए 27 नवंबर की रैली में सूचना विभाग के कर्मचारियों की भागीदारी का आश्वासन दिया।
इसके अलावा किसान भवन में पंकज नेगी, अमित कुमार, अतुल शर्मा सहित अन्य कर्मचारियों से वार्ता की गई। कर्मचारियों ने भी आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने और रैली को सफल बनाने के लिए समर्थन जताया।
मोर्चे की ओर से कर्मचारियों से अपील की गई कि वे अपने-अपने विभागों से अधिकाधिक संख्या में 27 नवंबर को परेड ग्राउंड पहुंचें और एसीपी बहाली की मांग को मजबूती से उठाएं।
मोर्चे के पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की एकजुटता ही आंदोलन की सबसे बड़ी ताकत है। इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है, ताकि रैली में अधिक से अधिक कर्मचारी शामिल होकर अपनी मांग शासन के सामने रख सकें।
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post