
देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित विकास धूलिया मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को खेले गए दो लीग मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। पहले मुकाबले में दून थंडर्स ने दून सुपर किंग्स को दो रन से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में दून स्ट्राइकर्स ने दून किंग राइडर को छह विकेट से शिकस्त दी। दूसरे मुकाबले में दून स्ट्राइकर्स के गेंदबाज अजय राणा ने पहले ओवर में तीन विकेट झटकते हुए टूर्नामेंट की पहली हैट्रिक अपने नाम की।
महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज मैदान में खेले गए पहले मुकाबले में दून थंडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 150 रन बनाए। टीम के कप्तान ठाकुर नेगी ने 39 गेंदों में आठ चौकों की मदद से नाबाद 57 रन की शानदार पारी खेली। दीपक पुरोहित ने 37 और विजय जोशी ने 19 रन बनाए। दून सुपर किंग्स की ओर से मनीष डंगवाल ने दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दून सुपर किंग्स की टीम 20 ओवर में छह विकेट पर 148 रन ही बना सकी। मनीष डंगवाल ने 58 और शैलेंद्र सेमवाल ने 24 रन बनाए। दून थंडर्स की ओर से जुगल किशोर ने चार ओवर में 18 रन देकर एक विकेट हासिल किया।
अजय राणा की घातक गेंदबाजी, टूर्नामेंट की पहली हैट्रिक
दूसरे मुकाबले में दून किंग राइडर की टीम दून स्ट्राइकर्स की गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम 11.3 ओवर में 61 रन पर सिमट गई। साकेत पंत ने 20, मनीष व्यास ने 12 और योगेश सेमवाल ने सात रन बनाए।
दून स्ट्राइकर्स की ओर से अजय राणा ने तीन ओवर में 11 रन देकर पांच विकेट झटके। उन्होंने पहले ही ओवर में लगातार तीन विकेट लेकर टूर्नामेंट की पहली हैट्रिक अपने नाम की। वहीं अरविंद रावत ने 2.3 ओवर में आठ रन देकर चार विकेट हासिल किए।
62 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दून स्ट्राइकर्स ने 12.3 ओवर में चार विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। अमित शर्मा ने नाबाद 21 और पंकज पंवार ने नाबाद 15 रन बनाए। दून किंग राइडर की ओर से साकेत पंत और नागेंद्र नेगी ने दो-दो विकेट लिए।
आज खेला जाएगा लीग राउंड का अंतिम मुकाबला
टूर्नामेंट का लीग राउंड का अंतिम मुकाबला आज दून थंडर्स और दून सुपर टाइटंस के बीच खेला जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि दैनिक भास्कर डिजिटल के संपादक विजय उपाध्याय ने कहा कि वर्तमान दौर में मीडिया की भूमिका केवल खबरें दिखाने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को जागरूक करने, सकारात्मक बदलाव लाने और सच्चाई लोगों तक पहुंचाने की भी है। डिजिटल मीडिया ने पत्रकारिता को नई दिशा और गति प्रदान की है।
कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा, महामंत्री योगेश सेमवाल, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल और खेल संयोजक सोबन सिंह गुसाईं ने मुख्य अतिथि विजय उपाध्याय को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post