देहरादून के केदापुरम स्थित नारी निकेतन, बालिका निकेतन, बाल गृह और शिशु सदन का जिलाधिकारी सविन बंसल ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा, स्वास्थ्य, भोजन, स्वच्छता और आवासीय सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की तथा महिलाओं और बच्चों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली।
डीएम ने नारी निकेतन में सुरक्षा को और मजबूत करते हुए दो महिला होमगार्ड तैनात करने और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए दो अतिरिक्त नर्सों की नियुक्ति के आदेश दिए। साथ ही RBSK टीम को नियमित विजिट कर बच्चों की स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ठंड को देखते हुए महिलाओं और बच्चों को स्वेटर व टोपी भी वितरित की गईं। आधार कार्ड निर्माण के लिए 11 मोबाइल और सिम की स्वीकृति प्रदान की गई।
बालिका निकेतन में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने हेतु खो-खो, कबड्डी, बैडमिंटन और योग के लिए उपयुक्त खेल मैदान विकसित करने के निर्देश दिए गए। वहीं शिशु सदन के कमरों में छोटे बच्चों के लिए ऑयल हीटर लगाने के आदेश भी जारी किए गए।
डीएम ने निर्माणाधीन डोरमेट्री भवन सहित सभी विकास कार्यों की प्रगति का निरीक्षण करते हुए स्पष्ट किया कि नया भवन दो महीनों के भीतर समर्पित कर दिया जाएगा और किसी भी कार्य में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के समय संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
सविन बंसल, जिलाधिकारी देहरादून
Reported By: Shiv Nararyan












Discussion about this post