
देहरादून। थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र स्थित पेनिसिया अस्पताल में मंगलवार को आईसीयू में एसी ब्लास्ट होने के बाद आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना कंट्रोल रूम के माध्यम से मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार अस्पताल के आईसीयू में एसी फटने के बाद आग लगी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आईसीयू में भर्ती मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू अभियान के दौरान आईसीयू में फैली गैस और धुएं के कारण कुछ मरीजों और पुलिसकर्मियों को ऑक्सीजन की कमी की समस्या हुई, जिन्हें उपचार के लिए कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना में कुल 10 लोग घायल हुए हैं, जबकि आईसीयू में पहले से वेंटिलेटर पर भर्ती 60 वर्षीय महिला वीरवती की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतका कांवली, बल्लीवाला क्षेत्र की निवासी बताई गई हैं।
घायलों में राहुल कुमार, मुकेश, शंभू दास, गोरी, दौलत सिंह, नवजात बेबी उर्फ पायल, संगीता देवी, खान बहादुर, नित्यानंद और निहाल शामिल हैं। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
राहत एवं बचाव कार्य के दौरान तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए। इनमें यातायात पुलिस के उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार, थाना नेहरू कॉलोनी के कांस्टेबल बृजमोहन रावत और कांस्टेबल बृजमोहन कनवासी शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही अजय सिंह तथा एसपी सिटी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसएसपी ने कैलाश अस्पताल पहुंचकर घायल पुलिसकर्मियों और मरीजों का हालचाल भी जाना।
रेस्क्यू अभियान में थाना नेहरू कॉलोनी प्रभारी मनोज नौटियाल, चौकी प्रभारी धनीराम पुरोहित, गिरीश बडोनी, एसआई अमित रॉड, एएसआई अंशुल बर्थवाल समेत पुलिस टीम के अन्य जवानों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन घटना के कारणों की जांच में जुटे हैं।
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post