
प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बीती रात लूट की एक गंभीर घटना सामने आई, जिसमें बदमाशों ने एक व्यक्ति को गोली मारकर उससे नकदी और सामान लूट लिया। कंट्रोल रूम से मिली सूचना के बाद पुलिस तत्काल हरकत में आई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल व्यक्ति ने अपना नाम देवराज बताया। उसने बताया कि काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार कुछ अज्ञात बदमाशों ने तमंचे की नोक पर उससे करीब दो लाख रुपये, एक मोबाइल फोन, हिसाब-किताब की डायरी, पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने उसे गोली मार दी और विश्रांति की दिशा में फरार हो गए।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को प्राथमिक उपचार देकर बदमाशों का पीछा शुरू किया। कुछ दूरी पर जंगल क्षेत्र में संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस द्वारा पीछा करने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग गए।
मुठभेड़ के दौरान एक गोली थाना प्रभारी नरेश राठौर को लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने एक बदमाश को घायल कर दिया, जबकि अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घायल बदमाश, पीड़ित देवराज और थाना प्रभारी को इलाज के लिए पहले प्रेमनगर चिकित्सालय और फिर हायर सेंटर रेफर किया गया।
घायल बदमाश को कोरोनेशन चिकित्सालय लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
फरार बदमाशों की तलाश के लिए पूरे जनपद में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई और पूछताछ जारी है।
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post