
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर उत्तरकाशी में स्वयं सहायता समूहों (SHG) के उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके साथ ही आयोजित होने वाली लॉटरी के पुरस्कारों में भी स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार सामग्री को शामिल किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ महिला समूहों की आय बढ़ाना और उन्हें बाजार उपलब्ध कराना है।
राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रमों को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
लॉटरी के पुरस्कारों में शामिल होंगे स्थानीय उत्पाद
राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाली लॉटरी में पुरस्कार के रूप में दी जाने वाली सामग्री स्वयं सहायता समूहों से खरीदी जाएगी। इससे स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा मिलेगा और समूहों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार का बेहतर अवसर मिलेगा।
इस पहल से ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को मजबूती मिलने के साथ स्थानीय उत्पादों को नई पहचान दिलाने में भी मदद मिलेगी। प्रदर्शनी के माध्यम से लोग स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार विभिन्न उत्पादों को देख और खरीद सकेंगे।
SHG की आय बढ़ाने पर जोर
परियोजना प्रबंधक रीप ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को राज्य स्थापना दिवस जैसे महत्वपूर्ण आयोजन से जोड़ने का उद्देश्य उन्हें व्यापक बाजार उपलब्ध कराना और उनकी आय में वृद्धि करना है। लॉटरी के पुरस्कारों में स्थानीय उत्पादों को शामिल करने से इनके प्रति लोगों की रुचि बढ़ेगी। साथ ही समूहों को अपने काम का विस्तार करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने अधिकारियों को कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और तैयारियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने और आयोजन को सफल बनाने के लिए समन्वय के साथ काम करने को कहा।
Reported By: Gopal nautiyal













Discussion about this post