
नानकमत्ता क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते घर पर पथराव और फायरिंग कर युवक की हत्या करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में नामजद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया गया है। पुलिस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को नानकमत्ता थाना क्षेत्र के ग्राम सिद्धा नवदिया निवासी सोनू सिंह पुत्र चरणजीत सिंह ने पुलिस को तहरीर दी थी। शिकायत में बताया गया कि पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोग हथियारों से लैस होकर एकराय होकर उनके घर पहुंचे। आरोपियों ने घर पर पथराव करने के साथ फायरिंग की, जिसमें 35 वर्षीय सतनाम सिंह की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया था।
शिकायत के आधार पर नानकमत्ता कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस और एसओजी ने संयुक्त रूप से की कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस और एसओजी की टीमें गठित की गईं। टीमों ने घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों, गवाहों के बयानों और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, लगातार जांच और कार्रवाई के बाद दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलदीप सिंह उर्फ बंटी और हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद करने की जानकारी दी है।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस
पुलिस के प्रेस नोट के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस संबंधित मामलों का विवरण जुटाने के साथ उनकी आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच कर रही है।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में नानकमत्ता कोतवाली पुलिस के साथ एसओजी की टीम भी शामिल रही।
पुलिस के अनुसार, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले में अन्य साक्ष्य जुटाने के लिए प्रयास जारी हैं।
अजय गणपति बेस्ट पुलिस अधीक्षक उधम सिंह नगर
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post