
कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने शुक्रवार को कैंप कार्यालय में कृषि एवं उद्यान विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को जल्द राहत देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को फसलों के नुकसान का सर्वे तत्काल पूरा करने और राहत राशि के भुगतान से जुड़ी सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें आर्थिक नुकसान से उबरने में मदद मिल सके।
कृषि मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किसानों को राज्य सरकार की ओर से आपदा मानकों के समान अतिरिक्त सहायता देने की घोषणा के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया।
कीवी और ड्रैगन फ्रूट की खेती को मिलेगा बढ़ावा
बैठक में कृषि मंत्री ने प्रदेश में कृषि एवं उद्यानिकी की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए अधिक से अधिक किसानों को कीवी और ड्रैगन फ्रूट की खेती से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जलवायु और भौगोलिक परिस्थितियों में इन फसलों के उत्पादन की व्यापक संभावनाएं हैं। ऐसे में किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनका लाभ भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने और तय लक्ष्यों को समय पर हासिल करने पर जोर दिया।
मौन पालन से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
गणेश जोशी ने कहा कि पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में मौन पालन के जरिए रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। इससे किसानों की आय बढ़ाने की भी व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने अधिकारियों को अधिक से अधिक किसानों को मौन पालन से जोड़ने, उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण देने और विभागीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पॉलीहाउस, फार्म मशीनरी बैंक और टेस्टिंग लैब पर जोर
कृषि मंत्री ने फार्म मशीनरी बैंकों की अधिकतम स्थापना, पॉलीहाउस निर्माण और प्रदेश में टेस्टिंग लैब स्थापित करने से जुड़े कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने एरोमा सेक्टर की संभावनाओं को देखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में लैवेंडर और डेंडेलाइन जैसी फसलों को प्रोत्साहित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि एरोमा क्षेत्र में अधिक से अधिक किसानों को जोड़कर नवाचार आधारित गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए। इससे किसानों की आय में वृद्धि के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतरें योजनाएं
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कृषि एवं उद्यान विभाग की सभी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी पूरी निष्ठा और मनोयोग से कार्य करें, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ किसानों तक पहुंचे और प्रदेश में कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post