मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को खटीमा दौरे पर रहे, जहाँ क्षेत्र के किसानों ने गन्ना समर्थन मूल्य में की गई ऐतिहासिक बढ़ोतरी पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में उपस्थित किसानों ने मुख्यमंत्री को गन्ना तथा पर्वतीय क्षेत्रों की पारंपरिक उपज—गडेरी, माल्टा, अदरक और शहद से भरी विशेष टोकरी भेंट की। नेगी ने कहा कि इस निर्णय से प्रदेश के लगभग तीन लाख गन्ना किसानों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा और यह किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
हाल ही में राज्य सरकार ने गन्ने के समर्थन मूल्य में ₹30 प्रति क्विंटल की वृद्धि की है। अब शीघ्र प्रजाति वाले गन्ने का मूल्य ₹375 से बढ़कर ₹405 और सामान्य प्रजाति का मूल्य ₹365 से बढ़कर ₹395 प्रति क्विंटल कर दिया गया है। इस बढ़ोतरी के साथ उत्तराखंड अब उत्तर प्रदेश से भी अधिक गन्ना मूल्य देने वाला राज्य बन गया है, जो किसानों के लिए बड़ी राहत है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि किसानों का आर्थिक सशक्तीकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post