जिन हाथों में कॉपी-किताब और कलम होनी चाहिए, उन्हीं हाथों में चाकू पहुंचने से जसपुर में दर्दनाक घटना सामने आई है। खेल-खेल में दो नाबालिगों के बीच हुए घटनाक्रम में एक 12 वर्षीय किशोर के सीने में चाकू लग गया। गंभीर रूप से घायल किशोर को उपचार के लिए काशीपुर के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना जसपुर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पूर्वी छीपियान जटवारा की है। सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे मोहल्ला निवासी तसलीम अहमद का 12 वर्षीय पुत्र मोहम्मद ईशान अपने ही मोहल्ले के 11 वर्षीय विधि-विवादित किशोर के साथ खेल रहा था। इसी दौरान किशोर के हाथ में मौजूद चाकू ईशान के सीने में लग गया। चाकू लगने के बाद ईशान घायल अवस्था में पास के मेडिकल स्टोर पर पहुंचा, जहां उसके जख्म पर पट्टी कर दी गई।
इधर, घर की ऊपरी मंजिल से घटना देख रही ईशान की मां ने जब नीचे खून निकलता देखा तो उसने अपने दूसरे बेटे को उसे देखने के लिए भेजा। इसी दौरान ईशान अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे तत्काल सिंघल नर्सिंग होम लेकर पहुंचे। वहां ईएमओ डॉ. आशु सिंघल ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
परिजन ईशान को काशीपुर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। वहीं घटना की सूचना आग की तरह पूरे नगर में फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी।
सूचना मिलने पर जसपुर कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक किशोर के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जसपुर कोतवाल राजेश पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला बच्चों के खेल के दौरान चाकू लगने से हुई मौत का प्रतीत हो रहा है। पुलिस घटना की गहनता से जांच कर रही है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
राजेश पांडे कोतवाल जसपुर
आदेश सिंह चौहान विधायक जसपुर
अनीस अहमद मृतक बच्चे के ताऊ
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post