कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को मसूरी के झड़ीपानी स्थित सुभाष चंद्र बोस छात्रावास में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास में अध्ययनरत विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरित की और बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई एवं सुविधाओं की जानकारी ली।
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने विद्यार्थियों से महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों और आदर्शों से प्रेरणा लेने तथा उनके सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
शिक्षा राष्ट्र निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण आधार
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के साथ विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग तक सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ पहुंचाना है। समग्र शिक्षा अभियान के माध्यम से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर संसाधन और सीखने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
छात्रावास में खेल मैदान बनाने की मांग
इस दौरान छात्रावास प्रबंधन की ओर से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए परिसर में खेल मैदान विकसित करने की मांग मंत्री गणेश जोशी के समक्ष रखी गई। मंत्री ने मांग का संज्ञान लेते हुए छात्रावास प्रबंधन को आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि बच्चों को खेल और शारीरिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। शिक्षा के साथ-साथ खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
‘कोई बच्चा शिक्षा के अधिकार से वंचित न रहे’
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प है कि कोई भी बच्चा शिक्षा के अधिकार से वंचित न रहे। सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, इसके लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने शिक्षकों का आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करें और बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, खेल एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर भी विशेष ध्यान दें।
Reported By: Arun sharma












Discussion about this post