
उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और उनके पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी से जुड़े मामले में बड़ी खबर सामने आई है। लंबे समय से फरार चल रहे गिरधारी लाल साहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उत्तराखंड पुलिस की टीम ने उन्हें उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार किया है।
दरअसल, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य की शिकायत पर 15 अक्टूबर को देहरादून की कैंट कोतवाली में गिरधारी लाल साहू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया था। जांच के दौरान एसआईटी ने गिरधारी लाल साहू को पूछताछ और बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस जारी किए थे, लेकिन वह पेश नहीं हुए।
इसके बाद एसआईटी ने न्यायालय से उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) हासिल किया था। गिरफ्तारी के लिए उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं।
इससे पहले गिरधारी लाल साहू ने गिरफ्तारी से राहत और एफआईआर निरस्त कराने के लिए हाईकोर्ट का रुख किया था, लेकिन 4 नवंबर को नैनीताल हाईकोर्ट ने उनकी याचिका खारिज कर दी थी।
अब गिरफ्तारी के बाद इस मामले में एसआईटी की ओर से विस्तृत खुलासा किए जाने की संभावना है। पुलिस की प्रेस कॉन्फ्रेंस भी हो सकती है, जिसमें गिरफ्तारी की परिस्थितियों और आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर जानकारी दी जा सकती है।
फिलहाल गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की विस्तृत आधिकारिक पुष्टि और एसआईटी के बयान का इंतजार है।
Reported By: Crime Patrol












Discussion about this post