प्रदेश के सभी प्राथमिक विद्यालयों में बालिकाओं के लिए शौचालय की सुविधा सुनिश्चित की जाएगी। राज्य सरकार ने शौचालय विहीन 141 राजकीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बालिका शौचालय निर्माण के लिए 5.34 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी है। इन विद्यालयों में मार्च माह तक शत-प्रतिशत शौचालय निर्माण का लक्ष्य रखा गया है।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने बताया कि सरकार स्कूलों में छात्र-छात्राओं को फर्नीचर, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। बेटियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए शौचालय निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि 11 जिलों के 141 विद्यालयों में शौचालय बनाए जाएंगे, जिनमें टिहरी के 53, नैनीताल के 25, देहरादून के 16 और उत्तरकाशी के 10 विद्यालय शामिल हैं। इसके लिए जिलों को आवश्यक बजट भी जारी कर दिया गया है।
शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी निर्माण कार्य मार्च तक पूरा कर इसकी रिपोर्ट भेजी जाए। साथ ही प्रदेश के स्कूलों में निष्क्रिय पड़े 1640 शौचालयों को भी 31 मार्च तक चालू करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि छात्र-छात्राओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post