
जिला प्रशासन उत्तरकाशी ने पंचायत चुनाव को ‘ग्रीन इलेक्शन’ थीम पर आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अनूठा कदम उठाया है। इस पहल के तहत श्री गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं द्वारा प्रवाहित किए गए चढ़ावे के कपड़ों को एकत्र कर रिसाइकल किया गया है। इन कपड़ों से बनाए गए फाइल फोल्डरों का उपयोग अब चुनावी कार्यों में किया जा रहा है।
ग्रामोन्नयन परियोजना के अंतर्गत गठित ‘मां गंगा संकुल स्तरीय संघ’ की महिला स्वयं सहायता समूहों ने इन उत्पादों को तैयार किया, जिससे न केवल जल प्रदूषण रोकने में मदद मिली, बल्कि महिलाओं को आय का साधन भी मिला।
बुधवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने स्वयं सहायता समूहों की इस पहल की सराहना करते हुए कलेक्ट्रेट से सभी विकासखंडों में फोल्डर भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने इसे नवाचार और ग्रामीण आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रभावी कदम बताया।
इससे पूर्व डीएम ने ‘रीप’ परियोजना के तहत गठित महिला समूहों के कार्यों का निरीक्षण भी किया था और चढ़ावे के कपड़ों के उपयोग की संभावना पर सुझाव दिया था। कुछ ही दिनों में महिलाओं द्वारा इस दिशा में शानदार प्रयास कर बहुउपयोगी उत्पादों का निर्माण किया गया, जो इस पहल की सफलता का प्रतीक है।
Reported By: Gopal Nautiyal













Discussion about this post