
हल्द्वानी। नाबालिग के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले को लेकर महिला कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं को बचाने का प्रयास कर रही है।
ज्योति रौतेला ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के एमबीपीजी कॉलेज के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी धीरज बिष्ट और उसके साथियों पर नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर आरोप हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराधों के मामलों में किसी भी तरह का राजनीतिक संरक्षण बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की ओर से लगाए गए उन आरोपों का भी जिक्र किया, जिनमें दावा किया गया है कि घटना के दिन पीड़िता को एक भाजपा नेता की कार से लाया गया था और जिस होटल में कथित घटना हुई, उसका संबंध भी भाजपा के एक नेता से बताया जा रहा है। रौतेला ने सवाल उठाया कि पुलिस को इन आरोपों की भी निष्पक्ष जांच करनी चाहिए और संबंधित वाहन व होटल के बारे में तथ्यों को सामने लाना चाहिए।
महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने पीड़िता और उसके परिजनों से बातचीत करने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने मिलने से इनकार कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़िता के परिवार पर मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है, जिसके चलते परिजन किसी से मिलने से कतरा रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
ज्योति रौतेला ने कहा कि पीड़िता और उसके परिवार को न्याय मिलना चाहिए तथा मामले में किसी भी राजनीतिक व्यक्ति का हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़िता को न्याय दिलाने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
महिला कांग्रेस ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए और पीड़िता एवं उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए।
ज्योति रौतेला प्रदेश अध्यक्ष महिला कांग्रेस उत्तराखंड
Reported By: Praveen Bhardwaj









Discussion about this post