
सीमावर्ती क्षेत्रों के विद्यार्थियों को देश की ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक विविधता और आधुनिक विकास से रूबरू कराने के उद्देश्य से भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 14वीं वाहिनी ने सराहनीय पहल की है। वाहिनी की ओर से सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत वाइब्रेंट विलेज के विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए नौ दिवसीय शैक्षणिक भारत दर्शन भ्रमण का आयोजन किया गया है। इस दौरान विद्यार्थी दिल्ली और जयपुर के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण करेंगे।
भ्रमण दल को 14वीं वाहिनी के सेनानी राम भरत सिंह कुशवाहा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विद्यार्थियों की सुरक्षा और देखभाल के लिए वाहिनी के चार पदाधिकारियों को भी दल के साथ भेजा गया है, जो पूरे भ्रमण के दौरान आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करेंगे।
यात्रा के दौरान विद्यार्थियों को दिल्ली में लाल किला, इंडिया गेट और अक्षरधाम मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। वहीं जयपुर में आमेर दुर्ग, हवा महल, सिटी पैलेस, जंतर-मंतर और जल महल सहित विभिन्न ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
आईटीबीपी की इस पहल का उद्देश्य सीमांत और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को देश की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय गौरव से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना है। साथ ही उनके शैक्षणिक ज्ञान, सोच और व्यक्तित्व का विस्तार करना भी इसका प्रमुख लक्ष्य है।
इस अवसर पर सेनानी राम भरत सिंह कुशवाहा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शैक्षणिक भ्रमण सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे बच्चों को पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होता है। साथ ही उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से यात्रा के दौरान अनुशासन और समयबद्धता बनाए रखने तथा इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि पिथौरागढ़ के जाजरदेवल स्थित आईटीबीपी की 14वीं वाहिनी सीमा सुरक्षा के दायित्वों के साथ सीमावर्ती क्षेत्रों में सामाजिक एवं शैक्षणिक उत्थान, युवाओं के सशक्तीकरण और स्थानीय समुदाय के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए लगातार जनकल्याणकारी गतिविधियां संचालित कर रही है। नौ दिवसीय भारत दर्शन यात्रा भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post