प्रदेश में लगातार बढ़ रहे स्वाइन फ्लू के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि स्वाइन फ्लू से बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से पहले ही गाइडलाइन जारी की जा चुकी हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि संक्रमण से बचने के लिए जरूरी सावधानियों का पालन करें।
सीएमओ ने कहा कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाते समय मास्क जरूर लगाएं। भीड़ में किसी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से संक्रमण फैलने का खतरा हो सकता है। ऐसे में लोग विशेष सावधानी बरतें और अनावश्यक रूप से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें।
इसे भी पढ़ें
फ्लू जैसे लक्षण होने पर घर में रहें
डॉ. शर्मा ने कहा कि जिन लोगों को बुखार या फ्लू जैसे लक्षण हैं, उन्हें घर में ही आइसोलेट रहना चाहिए। यदि किसी कारण से घर से बाहर निकलना जरूरी हो तो मास्क लगाकर ही बाहर जाएं, ताकि संक्रमण दूसरे लोगों तक न पहुंचे।
उन्होंने लोगों से हाथों को बार-बार सैनिटाइज करने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की अपील की। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर न थूकने की सलाह दी।
खांसते-छींकते समय बरतें सावधानी
सीएमओ ने कहा कि खांसते या छींकते समय रुमाल अथवा कोहनी का इस्तेमाल करें और खुले में खांसने-छींकने से बचें। व्यक्तिगत स्वच्छता और संक्रमण से बचाव के इन उपायों को अपनाकर स्वाइन फ्लू के प्रसार को कम किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि लोगों की जागरूकता और सावधानी संक्रमण की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी गाइडलाइन का पालन करने के साथ ही फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की भी अपील की गई है।
डॉ. मनोज कुमार शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, देहरादून।












Discussion about this post