विकासनगर में जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश की बिगड़ती स्वास्थ्य सेवाओं पर हाल ही में माननीय उच्च न्यायालय की कड़ी टिप्पणियों ने व्यवस्था की वास्तविक स्थिति उजागर कर दी है। उन्होंने दावा किया कि राज्य की स्वास्थ्य प्रणाली बदहाल है और नैतिकता के आधार पर स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
नेगी ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ महीनों में अस्पतालों की स्थिति लगातार खराब हुई है—रेफरल सिस्टम की खामियां, गर्भवती महिलाओं को समय पर उपचार न मिलना, अस्पतालों में मशीनों की खराबी, चिकित्सकों व स्टाफ की कमी, और दुर्गम क्षेत्रों में तैनाती न होना जैसी समस्याएँ गंभीर रूप ले चुकी हैं। उन्होंने सरकारी व निजी अस्पतालों पर आयुष्मान मरीजों से अतिरिक्त वसूली, फर्जी बिलिंग और आपात स्थिति में आईसीयू व वेंटिलेटर सुविधाएँ न मिलने जैसे मुद्दे भी उठाए।
नेगी का कहना है कि इन अव्यवस्थाओं के कारण गंभीर मरीजों की मौतों में बढ़ोतरी हुई है, जबकि विभागीय मंत्री अस्पतालों और अधिकारियों पर नियंत्रण बनाने में असफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय लगातार अधिकारियों को तलब कर रहा है, जो स्थिति की गंभीरता को दर्शाता है।
जन संघर्ष मोर्चा ने सरकार से मांग की है कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए जिम्मेदार मंत्री को मंत्रिमंडल से बाहर का रास्ता दिखाया जाए।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post