
उत्तराखंड में 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। लाखों शिवभक्तों के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया गया है। इस बार यात्रा के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि कांवड़ यात्रा के शांतिपूर्ण और सुरक्षित संचालन के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अलावा पूरे उत्तराखंड से अतिरिक्त पुलिस फोर्स बुलाई गई है। उन्होंने कहा कि सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों को उनके ड्यूटी प्वाइंट आवंटित कर दिए गए हैं तथा रविवार से उन्हें संबंधित स्थानों पर तैनात किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष पिछले वर्षों की तुलना में अधिक पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले सभी संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। इसके साथ ही प्रमुख मार्गों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी की जाएगी।
एसपी देहात ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं और पुलिस बल को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे यात्रा के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, यातायात नियमों का सम्मान करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
शेखर चन्द सुयाल (एस पी देहात )
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post