कारगिल विजय दिवस (शौर्य दिवस) के अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत घंघोड़ा चांदमारी स्थित कारगिल शहीद राजेश गुरुंग के आवास पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित किया और श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके शौर्य एवं सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना की वीरता, साहस और राष्ट्र के प्रति सर्वोच्च समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कारगिल के वीर शहीदों का बलिदान देशवासियों को राष्ट्र की सुरक्षा, अखंडता और देशभक्ति के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने परमवीर चक्र से लेकर ‘मेंशन इन डिस्पैच’ तक सभी वीरता पुरस्कारों से सम्मानित सैनिकों की सम्मान राशि में वृद्धि की है। साथ ही शहीद सैनिकों के एक आश्रित को सरकारी नौकरी देने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि अब तक 28 शहीदों के आश्रितों को सरकारी सेवा में समायोजित किया जा चुका है।
मंत्री ने कहा कि परमवीर चक्र विजेताओं की सम्मान राशि ₹1.5 करोड़ से बढ़ाकर ₹2 करोड़ किया जाना मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की सैनिकों और शहीदों के सम्मान के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post