80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राइडर्स साइकिल क्लब ऋषिकेश की ओर से साइकिल प्रभात फेरी का आयोजन उत्साह और देशभक्ति के माहौल में किया गया। प्रभात फेरी में स्कूली बच्चों के साथ बड़ी संख्या में साइकिल राइडरों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों के साथ लोगों को स्वस्थ जीवनशैली, नशामुक्त समाज और प्रदूषण मुक्त पर्यावरण का संदेश दिया।
साइकिल प्रभात फेरी को क्लब संरक्षक कुलदीप असवाल, डॉ. निधि गुप्ता और शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस से शुरू होकर बैराज, आईडीपीएल, गीतानगर, कोयल घाटी और घाट चौराहा होते हुए त्रिवेणी घाट स्थित गांधी स्तंभ पहुंची। यहां राष्ट्रगान और ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
प्रभात फेरी के दौरान साइकिल राइडरों और स्कूली बच्चों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों के साथ स्वतंत्रता दिवस का संदेश लोगों तक पहुंचाया। आयोजन के व्यवस्थापक अब्दुल रहमान और बलवीर जस्सल ने प्रतिभागी बच्चों और साइकिल राइडरों को बैग एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। ब्लू राइडर ग्रुप की ओर से बच्चों को बैग, पानी की बोतल सहित अन्य पुरस्कार भी दिए गए।
क्लब अध्यक्ष ज्योति प्रकाश शर्मा और राकेश सिंह एडवोकेट ने कहा कि इस आयोजन में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों और साइकिल राइडरों की भागीदारी ने स्वतंत्रता दिवस के उत्साह को और बढ़ाया। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने युवाओं से फिटनेस को अपनाने और नशे से दूर रहने की अपील की।
अब्दुल रहमान और बलवीर जस्सल ने कहा कि साइकिल के अधिक से अधिक उपयोग को बढ़ावा देने की जरूरत है। साइकिल चलाना स्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का भी प्रभावी माध्यम है। उन्होंने युवाओं से फिटनेस के साथ समाज में सकारात्मक संदेश देने के लिए आगे आने का आह्वान किया। साथ ही सरकार से हर शहर में बेहतर साइकिल ट्रैक विकसित करने की मांग की।
Reported By: Arun sharma











Discussion about this post