
कोटद्वार। असम राइफल्स के महानिदेशालय मुख्यालय के तत्वावधान में 18 नवंबर को कोटद्वार में पूर्व सैनिकों (ESM) एवं उनके परिजनों (NOK) के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘जिन्होंने हमारी सेवा की, उनकी सेवा करना’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड और आसपास के क्षेत्रों से असम राइफल्स के पूर्व सैनिकों, वीरता पुरस्कार विजेताओं, वीर नारियों, विधवाओं और उनके आश्रितों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में असम राइफल्स के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल विकास लखेड़ा (एवीएसएम, एसएम) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। असम राइफल्स वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन (ARWWA) की अध्यक्ष विभा लखेड़ा भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्व सैनिकों के योगदान का सम्मान करने के साथ उनके और बल के बीच संबंधों को मजबूत करना तथा उनकी समस्याओं का समाधान करना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल विकास लखेड़ा ने राष्ट्र की सुरक्षा में पूर्व सैनिकों की अनुकरणीय सेवाओं और उनके बलिदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि असम राइफल्स पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने पूर्व सैनिकों से अपने अनुभव, नेतृत्व क्षमता और कौशल का उपयोग समाज के विकास एवं राष्ट्र निर्माण में करने का आह्वान किया।
संवाद कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों की पेंशन, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य कल्याणकारी समस्याओं के समाधान के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। इसके तहत शिकायत निवारण केंद्र, स्वास्थ्य जांच सुविधा, बैंकिंग सहायता काउंटर और पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ECHS) के सुविधा काउंटर स्थापित किए गए। साथ ही केंद्र सरकार की नवीनतम नीतियों और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को सहायक उपकरण भी वितरित किए गए। सेवा के दौरान शहीद हुए एक पूर्व सैनिक के लकवाग्रस्त पुत्र को घर से काम करने के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डेस्कटॉप कंप्यूटर दिया गया। वहीं, सेवा के दौरान एक पैर गंवाने वाले पूर्व सैनिक को आवागमन में सुविधा और आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए स्कूटी भेंट की गई।
इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में विशिष्ट पूर्व सैनिकों, वीरता पुरस्कार विजेताओं, वीर नारियों और विधवाओं को उनके योगदान एवं बलिदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक भोज के साथ हुआ। इस दौरान सेवारत जवानों और सेवानिवृत्त सैनिकों के बीच आपसी सौहार्द एवं भाईचारे का संदेश दिया गया।
असम राइफल्स का यह आयोजन पूर्व सैनिकों के सम्मान, उनकी समस्याओं के समाधान और उनके परिवारों के कल्याण के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ‘जिन्होंने हमारी सेवा की, उनकी सेवा करना’ के मूल भाव के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों को सहायता और सम्मान देने पर विशेष जोर दिया गया।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post