
श्रीनगर। तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान श्रीनगर में आयोजित वृहद रोजगार मेले में गढ़वाल मंडल के 1,429 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। मेले में देश की 55 प्रतिष्ठित कंपनियों ने हिस्सा लिया और विभिन्न पदों के लिए युवाओं का चयन किया। कंपनियों से जॉब ऑफर मिलने पर युवाओं के चेहरे खिल उठे।
सूबे के तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वर्चुअल माध्यम से रोजगार मेले में प्रतिभाग किया। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा विभाग रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रहा है। ऐसे आयोजन युवाओं को उद्योग जगत से सीधे जुड़ने और अपनी तकनीकी दक्षता प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं। साथ ही उद्योगों की बदलती जरूरतों के अनुरूप कौशल विकास और रोजगार से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर निदेशक प्राविधिक शिक्षा देशराज ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए रोजगार मेले में उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने और कंपनियों की चयन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी तकनीकी दक्षता, व्यावहारिक ज्ञान और कौशल में निरंतर वृद्धि करने तथा उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने का आह्वान किया।
रोजगार मेले में शामिल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद किया। उनकी शैक्षिक योग्यता, तकनीकी ज्ञान, व्यावहारिक कौशल और कार्यक्षमता के आधार पर साक्षात्कार लेकर चयन प्रक्रिया पूरी की गई। एक ही मंच पर विभिन्न औद्योगिक एवं तकनीकी क्षेत्रों की कंपनियों की मौजूदगी से विद्यार्थियों को रोजगार के विविध अवसरों के साथ ही उद्योग जगत की अपेक्षाओं को समझने का मौका मिला।
रोजगार मेले के प्रभारी उप निदेशक एसके वर्मा और राजकीय पॉलिटेक्निक श्रीनगर के प्रधानाचार्य सचिन कुमार शर्मा ने अतिथियों, प्रतिभागी कंपनियों के प्रतिनिधियों तथा आयोजन में सहयोग देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन अनिल शाह ने किया।
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post