लक्सर क्षेत्र में बीती देर रात हुई तेज बारिश और आंधी ने बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। तेज हवा के दौरान एक विशाल पेड़ विद्युत लाइन पर गिर गया, जिससे बिजली के तार टूट गए और कई बिजली के पोल भी क्षतिग्रस्त हो गए। इसके चलते देर रात से ही लक्सर के कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। बिजली गुल होने से लोगों के दैनिक कार्य प्रभावित हो गए हैं।
सुबह से ही उपभोक्ताओं को पेयजल, घरेलू उपकरणों और अन्य आवश्यक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बिजली न मिलने से स्थानीय लोगों में भी चिंता बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और क्षतिग्रस्त लाइन तथा पोलों को बदलने का कार्य शुरू कर दिया। हालांकि भारी नुकसान होने के कारण मरम्मत कार्य में समय लग रहा है। विद्युत विभाग के एसडीओ अमीचंद ने बताया कि तेज बारिश और आंधी के कारण एक भारी-भरकम पेड़ बिजली लाइन पर गिर गया, जिससे लाइन के साथ-साथ बड़े पोल भी टूट गए हैं।
उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त पोलों को बदलने में काफी समय लगेगा और विभाग की टीमें लगातार बहाली कार्य में जुटी हुई हैं। एसडीओ ने बताया कि यदि मौसम ने साथ दिया तो देर शाम तक विद्युत आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने लोगों से तब तक वैकल्पिक व्यवस्था करने और सहयोग बनाए रखने की अपील की है। बारिश के मौसम में लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने एक बार फिर बिजली व्यवस्था की चुनौतियों को उजागर कर दिया है। फिलहाल विद्युत विभाग क्षतिग्रस्त लाइन को जल्द से जल्द दुरुस्त कर आपूर्ति सामान्य करने के प्रयास में जुटा हुआ है।
अमीचन्द एसडीओ विद्युत विभाग लक्सर ।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post