डोईवाला-देहरादून हाईवे पर मणिमाई मंदिर के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक इको वैन आगे चल रही मैक्स गाड़ी से जोरदार टकरा गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इको वैन चालक को नींद आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और आगे चल रही मैक्स गाड़ी से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को उपचार के लिए डोईवाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। इनमें से चार घायलों को बेहतर उपचार के लिए कैलाश हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घायलों ने बताया कि वे रोहतक, हरियाणा से देहरादून और हरिद्वार घूमने आए थे। वापस लौटने के दौरान मणिमाई मंदिर के पास यह हादसा हो गया।
दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post