
दिवाली के पटाखों से निकली चिंगारी रामनगर के खताड़ी क्षेत्र में बड़े हादसे का कारण बन सकती है। चुना भट्टा इलाके में देर रात एक आरा मशीन में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते उसने आरा मशीन के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
बताया जा रहा है कि आग से आरा मशीन को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक आशंका है कि दिवाली के दौरान जलाए गए पटाखों से निकली कोई चिंगारी आरा मशीन में रखी लकड़ी या अन्य ज्वलनशील सामग्री तक पहुंच गई होगी, जिससे आग भड़क उठी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। फायर अधिकारी गोपाल सिंह रावत ने घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
गोपाल सिंह रावत फायर अधिकारी
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post