
जल जीवन मिशन के अंतर्गत कराए गए कार्यों का लंबे समय से भुगतान नहीं होने पर देवभूमि जल शक्ति कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन ने सरकार और विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई है। सोमवार को चंदन नगर स्थित एसोसिएशन के प्रमुख कार्यालय में आयोजित बैठक में ठेकेदारों ने बकाया भुगतान को लेकर गहरा रोष व्यक्त किया। ठेकेदारों ने वर्ष 2026 की दिवाली को अपने लिए ‘काली दिवाली’ करार देते हुए कहा कि भुगतान न होने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
बैठक को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने विभाग और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ठेकेदार अपने बकाया भुगतान के लिए उत्तराखंड सचिवालय और संबंधित विभागों के लगातार चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है। भुगतान लंबित होने के कारण ठेकेदार अपने मजदूरों और वेंडरों का भी बकाया नहीं चुका पा रहे हैं, जिससे उनके सामने भी आर्थिक परेशानियां बढ़ती जा रही हैं।
अमित अग्रवाल ने कहा कि एक ओर प्रदेश में राज्य स्थापना दिवस का जश्न मनाया जा रहा है और त्योहारों की रौनक है, वहीं दूसरी ओर जल जीवन मिशन के ठेकेदार आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब ठेकेदारों के पास अपने काम का भुगतान ही नहीं है तो वे मजदूरों और वेंडरों को पैसे कहां से दें। ऐसी परिस्थितियों में उनके लिए दिवाली मनाना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही और विभागीय अधिकारियों की अनदेखी का खामियाजा ठेकेदारों के साथ-साथ उनसे जुड़े श्रमिकों और कारोबारियों को भी भुगतना पड़ रहा है।
बैठक में मौजूद सभी ठेकेदारों ने एकजुटता दिखाते हुए एसोसिएशन के रुख का समर्थन किया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि जल्द ही लंबित भुगतान नहीं किया गया तो ठेकेदार आने वाले दिनों में दोबारा अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने को बाध्य होंगे। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित हड़ताल की तिथि और रूपरेखा की जानकारी जल्द ही सार्वजनिक की जाएगी।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post