
उत्तराखंड राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला मुख्यालय में राज्योत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह में राज्य निर्माण आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए राज्य निर्माण में उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं और विभिन्न सांस्कृतिक दलों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और लोक विरासत की झलक देखने को मिली। गोस्वामी गणेश दत्त विद्यालय, उत्तरकाशी के छात्र-छात्राओं ने भी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
राज्योत्सव समारोह में राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान के साथ ही जनपद के विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जनपद की विकास उपलब्धियों को दर्शाने वाली विकास पुस्तिका 2026 का विमोचन भी किया गया। वहीं, जनपद में राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 10 से 13 नवंबर तक रामलीला मैदान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान के कारण ही उत्तराखंड को अलग राज्य का दर्जा मिला। उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचे और उत्तराखंड को एक सशक्त एवं समृद्ध राज्य बनाया जा सके।
Reported By: Gopal nautiyal













Discussion about this post