
प्रदेश के आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक ने विधानसभा स्थित अपने कार्यालय कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर आयुष, पंचायती राज और आपदा प्रबंधन विभाग के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने आयुष विभाग में लंबित प्रकरणों का बिंदुवार जायजा लेते हुए अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से उनका निस्तारण करने के निर्देश दिए।
डीएपीसी और एसीपी के लाभ जल्द देने के निर्देश
आयुष विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री मदन कौशिक ने डीएपीसी और एसीपी से जुड़े मामलों, एसीआर, वर्ष 2024 बैच के चिकित्साधिकारियों के स्थायीकरण, संविदा चिकित्सकों के मानदेय पुनरीक्षण और फार्मेसी अधिकारियों के पदों के सृजन सहित विभिन्न विषयों पर जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को डीएपीसी और एसीपी के लाभ से संबंधित मामलों में तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि कर्मचारियों से जुड़े ऐसे प्रकरणों में विभागीय स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए, ताकि पात्र कार्मिकों को समय पर लाभ मिल सके।
मंत्री ने वर्ष 2015 और 2024 में नियुक्त चिकित्साधिकारियों की वार्षिक गोपनीय आख्या (एसीआर) से संबंधित लंबित मामलों को भी जल्द पूरा करने को कहा। इसके साथ ही वर्ष 2024 बैच के चिकित्साधिकारियों के स्थायीकरण की प्रक्रिया का शीघ्र समाधान निकालने के निर्देश दिए।
फार्मेसी अधिकारियों की पदोन्नति प्रक्रिया तेज करने को कहा
बैठक में संविदा चिकित्सकों के सामुदायिक स्वास्थ्य से जुड़े मानदेय के पुनरीक्षण पर भी चर्चा हुई। विभागीय अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि इस संबंध में व्यय भार का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है और शासन स्तर पर कार्रवाई गतिमान है।
आयुर्वेदिक एवं यूनानी सेवाओं में फार्मेसी अधिकारियों के पदों के सृजन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में शासन स्तर पर प्रक्रिया चल रही है। मंत्री ने फार्मेसी अधिकारियों को मुख्य फार्मेसी अधिकारी और प्रभारी फार्मेसी अधिकारी के पदों पर पदोन्नति देने से संबंधित लंबित प्रक्रिया को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
विधानसभा के प्रश्नों की तैयारी के निर्देश
मंत्री मदन कौशिक ने आगामी विधानसभा सत्र में आयुष विभाग से संबंधित प्रश्नों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रश्नों के उत्तर तथ्यों के आधार पर तैयार किए जाएं और विभागीय अधिकारी पूरी तैयारी के साथ सदन में प्रस्तुत होने के लिए तैयार रहें।
आपदा प्रभावित पंचायतों को मुआवजा देने के निर्देश
बैठक में पंचायती राज और आपदा प्रबंधन विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने प्रदेशभर में आपदा के दौरान पंचायत घरों और ग्रामीण सड़कों को हुए नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित जिलाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर प्रभावित क्षेत्रों में क्षति का आकलन करने और नियमानुसार तत्काल मुआवजा उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा उन्होंने पंचायतों से संबंधित नियमावली तैयार करने की प्रक्रिया को भी जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि विभागीय योजनाओं और लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी लाई जाए, ताकि कर्मचारियों को उनके देय लाभ समय पर मिल सकें और आपदा प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सहायता जल्द पहुंचाई जा सके।
आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक
Reported By: Shiv narayan













Discussion about this post