
लगातार हो रही बारिश के बीच मसूरी-देहरादून मार्ग पर पानी वाले बैंड के पास एक बार फिर भूस्खलन होने से सड़क पूरी तरह बंद हो गई है। पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और एक बड़ा पेड़ सड़क पर आ गिरने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। मार्ग बंद होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क बंद होने के कारण मसूरी पहुंचने वाली आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित हो गई हैं। खाद्य सामग्री, दूध, दवाइयों और अन्य जरूरी सामान की आपूर्ति पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से फिलहाल अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है।
घटना की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की टीम मौके पर पहुंच गई। विभाग द्वारा जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क पर गिरे मलबे और पेड़ को हटाने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। हालांकि लगातार पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिरने के कारण राहत कार्य में कठिनाई आ रही है।
अधिकारियों का कहना है कि मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु करने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल यातायात पूरी तरह बंद है और सड़क खुलने तक लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
Reported By: Arun Sharma














Discussion about this post