
उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पार्टी ने देहरादून की कैंट विधानसभा सीट से नवीन बिष्ट को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। रविवार को बसंत विहार स्थित रॉयल इन पैलेस वेडिंग प्वाइंट में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में उत्तराखंड प्रभारी महेंद्र यादव ने उनके नाम की घोषणा की। सम्मेलन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। खासतौर पर महिला और युवा कार्यकर्ताओं की भागीदारी देखने को मिली।
कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए महेंद्र यादव ने कहा कि नवीन बिष्ट युवा और ऊर्जावान नेता हैं। वह लंबे समय से सामाजिक कार्यों के माध्यम से जनता के बीच सक्रिय हैं। उनकी सक्रियता, ऊर्जा और समाज के प्रति समर्पण को देखते हुए पार्टी ने उन्हें कैंट विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाने का निर्णय लिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि नवीन बिष्ट क्षेत्र की जनता के बीच पार्टी की नीतियों और विचारधारा को लेकर जाएंगे और 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल कर विधानसभा पहुंचेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनाव की तैयारियों में जुटने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
पार्टी के भरोसे पर खरा उतरने का किया वादा
प्रत्याशी घोषित होने के बाद नवीन बिष्ट ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि संगठन ने उन पर भरोसा जताकर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। वह इस भरोसे पर खरा उतरने के लिए पूरी मेहनत और ईमानदारी से काम करेंगे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी उत्तराखंड की सभी विधानसभा सीटों पर मजबूती के साथ चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। पार्टी का लक्ष्य प्रदेश में सरकार बनाना है। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जनता के बीच जाना होगा। उन्होंने कैंट विधानसभा क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर संघर्ष जारी रखने और संगठन को मजबूत बनाने की बात कही।
वरिष्ठ पदाधिकारी भी रहे मौजूद
सम्मेलन में उत्तराखंड सह प्रभारी डॉ. युवराज भारद्वाज, प्रदेश अध्यक्ष उमा सिसोदिया, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष मंजू शर्मा, प्रदेश संगठन मंत्री ओपी मिश्रा, प्रदेश महामंत्री श्याम बाबू पांडेय, टिहरी लोकसभा सह प्रभारी अजय गौर और युवा अध्यक्ष हिमांशु पुंडीर समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
समर्थकों ने निकाली रैली, आतिशबाजी कर मनाया जश्न
नवीन बिष्ट को प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान कई महिला और युवा कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की। घोषणा के बाद समर्थकों ने रैली निकालकर अपनी खुशी जाहिर की और आतिशबाजी कर जश्न मनाया। पार्टी पदाधिकारियों ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव के लिए एकजुट होकर काम करने की अपील की। सम्मेलन के माध्यम से आम आदमी पार्टी ने कैंट विधानसभा क्षेत्र में अपनी चुनावी सक्रियता और संगठनात्मक मजबूती का संदेश देने का प्रयास किया।
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post