पौड़ी जिले के विकासखंड खिर्सू के सुमाड़ी क्षेत्र में निर्माणाधीन राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) उत्तराखंड के स्थायी परिसर का निर्माण कार्य शुक्रवार को भी ठप रहा। स्थानीय युवाओं को रोजगार में वरीयता न देने, पर्यावरण मानकों की अनदेखी और निर्माण कार्य में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर ग्रामीणों का विरोध जारी है।
ग्रामीणों ने एक मार्च से निर्माण कार्य बंद कर रखा है। शुक्रवार को सुमाड़ी, चमराड़ा, नयालगढ़ और खल्लू गांव के ग्रामीण युवा नेता सुधीर जोशी के नेतृत्व में कार्यस्थल पर पहुंचे और प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि भूमि दान देने के बावजूद स्थानीय युवाओं को रोजगार में नजरअंदाज कर बाहरी लोगों को काम दिया जा रहा है। साथ ही निर्माण कार्य में पर्यावरणीय मानकों का पालन नहीं किया जा रहा और डंपिंग जोन से भविष्य में खेतों को नुकसान होने की आशंका है।
सूचना मिलने पर तहसील प्रशासन और कार्यदायी संस्था एनबीसीसी के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता की, लेकिन पहले दौर की बातचीत बेनतीजा रही। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होने दिया जाएगा।
वहीं जिलाधिकारी पौड़ी स्वाति एस भदौरिया ने बताया कि एनआईटी एक महत्वाकांक्षी परियोजना है। निर्माण कार्य शुरू कराने और स्थानीय लोगों की मांगों के समाधान के लिए एसडीएम और कंपनी को निर्देश दिए गए हैं तथा जल्द ही वार्ता कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
स्वाति एस भदौरिया, जिलाधिकारी पौड़ी
डॉ सुधीर जोशी निवर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष भारतीय जनता युवा मोर्चा उत्तराखंड
ग्राम सभा प्रधान निहालगढ़
अनुज जोशी ग्रामीण युवा
सुरजीत सिंह बिष्ट क्षेत्र पंचायत सदस्य
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post