वन्यजीवों के अवैध शिकार और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सतपुली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुलदार की खाल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से उसके घर में छिपाकर रखी गई गुलदार की खाल बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी इसे बेचने के लिए हरियाणा ले जाने की तैयारी कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक, थानाध्यक्ष सतपुली के नेतृत्व में पुलिस टीम को गोपनीय सूचना मिली थी कि ग्राम पोखरी, दुधारखाल निवासी एक व्यक्ति के पास गुलदार की खाल है और वह उसे बेचने की फिराक में है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी पौड़ी के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम का गठन किया गया। सूचना की पुष्टि होने के बाद ग्राम पोखरी में दबिश दी गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने संदीप कुमार धस्माना निवासी ग्राम पोखरी, सतपुली को हिरासत में लेकर पूछताछ की। तलाशी के दौरान उसके घर में रखे एक टिन के बॉक्स से गुलदार की खाल बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसने करीब दो वर्ष पहले जंगल में फंदा लगाकर गुलदार का शिकार किया था। इसके बाद उसने उसकी खाल निकालकर सुखा ली और लंबे समय से उसे अपने घर में छिपाकर रखा हुआ था। आरोपी ने बताया कि वह उचित खरीदार की तलाश में था और अब खाल को बेचने की योजना बना रहा था।
पुलिस ने बताया कि गुलदार वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत संरक्षित वन्यजीव की श्रेणी में आता है। ऐसे वन्यजीव का शिकार करना, उसकी खाल रखना या उसका व्यापार करना गंभीर और दंडनीय अपराध है।
मामले में आरोपी के खिलाफ थाना सतपुली में मुकदमा संख्या 12/2026 के तहत वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की धारा 9, 39, 50 और 51 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां उसके विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post