परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी एवं सुराज मंत्री तथा जनपद प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा की अध्यक्षता में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में जिला योजना समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक का शुभारम्भ दीप प्रज्जलन के साथ हुआ, जिसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 7413.20 लाख रुपये की जिला योजना को अनुमोदित किया गया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” के सिद्धांत पर कार्य कर रही है और सभी जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को निष्पक्षता से योजना में शामिल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला योजना जनपद के समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और छोटे-छोटे लेकिन आवश्यक कार्यों के लिए वित्तीय कमी को पूरा करती है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, सिंचाई और पेयजल जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही अधूरे विकास कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने और सभी नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। नियमित जल परीक्षण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि राज्य स्तर पर लंबित प्रस्तावों के लिए शीघ्र धनराशि उपलब्ध कराने हेतु शासन स्तर पर वार्ता की जाएगी। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि सीएसआर मद के माध्यम से भी जनपद में जरूरी विकास कार्य कराए जाएं।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि जिला योजना में स्वरोजगार और आजीविका आधारित योजनाओं के साथ शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल और नवाचार प्रस्तावों को प्राथमिकता दी गई है।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत माध्यमिक शिक्षा के लिए 500 लाख, बेसिक शिक्षा के लिए 498 लाख, स्वास्थ्य विभाग के लिए 335 लाख, कृषि के लिए 205 लाख, उद्यान के लिए 239.25 लाख, सिंचाई के लिए 547 लाख, लघु सिंचाई के लिए 300 लाख, नलकूप के लिए 225 लाख, सामुदायिक विकास के लिए 334.14 लाख, पशुपालन के लिए 195 लाख, जल संस्थान के लिए 390 लाख, पेयजल निगम के लिए 315 लाख, लोक निर्माण विभाग के लिए 615 लाख और पंचायतीराज के लिए 500 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि प्रभारी मंत्री द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी एवं सुराज मंत्री तथा जनपद प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post