
नैनीताल जिले के रामनगर में छोई निवासी विमला देवी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड में मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में भारतीय सेना की राजपूताना राइफल्स में तैनात एक जवान भी शामिल है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश के चलते महिला की हत्या की साजिश रची गई थी। इतना ही नहीं, मुख्य आरोपी महिला की हत्या के बाद उसके दोनों बेटों को भी मौत के घाट उतारने की योजना बना चुका था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक और संभावित वारदात टल गई।
मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने बताया कि मुख्यमंत्री, डीजीपी और आईजी के निर्देशों के क्रम में महिला अपराधों के मामलों में पुलिस गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से मिलने के बाद रामनगर पुलिस, सीओ रविकांत सेमवाल और कोतवाली प्रभारी सुशील कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर महिला का शव मिला, जिसके शरीर और सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे। मृतका की पहचान छोई निवासी करीब 56 वर्षीय विमला देवी पत्नी खिलाफ सिंह बिष्ट के रूप में हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसओजी समेत पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। पुलिस ने मैनुअल जांच, तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में तीनों आरोपी महिला को जीवित अवस्था में अपने साथ ले जाते दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी के मुताबिक, हत्या के पीछे पुरानी रंजिश मुख्य वजह सामने आई है। मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल के पिता गोविंद सिंह की करीब तीन साल पहले हत्या हुई थी। इस मामले में विमला देवी के दोनों बेटों को आरोपी बनाया गया था और पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा था। फिलहाल यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इसी घटना को लेकर मोहित के मन में विमला देवी और उनके परिवार के प्रति रंजिश थी। आरोप है कि वह छुट्टियों में घर आने पर परिवार को परेशान करता था और उनके साथ गाली-गलौज भी करता था।
पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश के चलते मोहित ने विमला देवी और उनके दोनों बेटों की हत्या की योजना बनाई। इसके लिए उसने दो अन्य युवकों से संपर्क किया और उन्हें अपनी साजिश में शामिल कर लिया। तीनों ने योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की और फिर उसे वाहन में डालकर धापला पुल की ओर ले गए। एसएसपी ने बताया कि आरोपियों ने महिला को पानी में डुबोया और इसके बाद भी उसके साथ मारपीट की। बाद में शव को वापस लाकर महिला के घर के पास फेंक दिया।
एसएसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी की योजना महिला की हत्या तक सीमित नहीं थी। वह इसके बाद उसके दोनों बेटों की भी हत्या करना चाहता था, लेकिन पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई के चलते उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित फर्त्याल (32) पुत्र स्व. गोविंद सिंह निवासी किशनपुर छोई, रामनगर, सैरान (21) पुत्र मुरसलीन निवासी ब्लॉक रोड, बड़ी मस्जिद के पीछे खताड़ी और मोहम्मद अब्बूजर (22) पुत्र मोहम्मद बिलाल निवासी खताड़ी, रामनगर के रूप में की है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया वाहन, लोहे की पान, लाठी-डंडे, पत्थर और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।
डॉ मंजूनाथ टीसी, एसएसपी
नैनीताल
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post