
देहरादून में आयोजित होने जा रहे ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी छात्रों और युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान शिक्षा, बेरोजगारी, पेपर लीक और युवाओं से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे पर भारतीय जनता पार्टी ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की परंपरा रही है कि यहां आने वाले हर अतिथि का सम्मान और स्वागत किया जाता है। इसी परंपरा के अनुरूप भाजपा कार्यकर्ता भी राहुल गांधी का स्वागत करते हैं।
हालांकि, परिहार ने राहुल गांधी की राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे लंबे समय से देश में भ्रम और तुष्टिकरण की राजनीति करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता जागरूक है और राहुल गांधी को देवभूमि की धरती पर आकर तथ्यों के आधार पर सच बोलना चाहिए।
भाजपा प्रदेश महामंत्री ने कहा कि राहुल गांधी को उत्तराखंड में सकारात्मक राजनीति का संकल्प लेना चाहिए और जनता को गुमराह करने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में स्वस्थ संवाद और रचनात्मक राजनीति का स्वागत है, लेकिन भ्रामक आरोपों और भ्रम फैलाने की राजनीति से बचना आवश्यक है।
गौरतलब है कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में राहुल गांधी युवाओं से सीधे संवाद कर शिक्षा व्यवस्था, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और अन्य समसामयिक मुद्दों पर अपने विचार साझा करेंगे। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है, वहीं भाजपा ने भी इस पर अपनी राजनीतिक प्रतिक्रिया दर्ज कराई है।
कुंदन परिहार, प्रदेश महामंत्री भाजपा
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post