जनपद रुद्रप्रयाग में फाटा और बड़ासू के बीच तरसाली के समीप गुरुवार देर शाम एक डम्पर गहरी खाई में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को शाम 8:43 बजे सूचना मिली कि वाहन संख्या UK13CA0826 का डम्पर फाटा और बड़ासू के मध्य तरसाली के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दलों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
रेस्क्यू टीम द्वारा दी गई अद्यतन जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त डम्पर में दो लोग सवार थे। संयुक्त बचाव अभियान के दौरान संजय राणा (लगभग 45 वर्ष) का शव बरामद कर खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचा दिया गया।
वहीं दूसरे मृतक मोहन के शव का भी पता लगा लिया गया है। समाचार लिखे जाने तक उसका शव निकालने की कार्रवाई जारी थी।
घटनास्थल पर एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पुलिस की टीमें समन्वित रूप से राहत एवं बचाव अभियान में जुटी रहीं। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post