देहरादून में गणेश जोशी की अध्यक्षता में मसूरी विधानसभा क्षेत्र की विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक कालीदास रोड स्थित सैनिक कल्याण निदेशालय में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान मंत्री ने मसूरी में वेडिंग जोन के विकास के लिए समुचित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही सुवाखोली स्थित भुवनेश्वरी देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं सामुदायिक शौचालयों के निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया।
उन्होंने न्यू कैंट रोड, नैशविला रोड और संतला देवी क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा प्रमुख चौराहों पर पर्याप्त प्रकाश सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री घोषणाओं के तहत सालावाला और पुरकुल में सामुदायिक केंद्रों के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने को कहा गया।
मंत्री ने मसूरी में डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा स्थापना और राष्ट्रीय ध्वज फहराने हेतु उपयुक्त स्थान चिन्हित कर विस्तृत योजना तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, मसूरी क्षेत्र के भवनों के वन-टाइम सेटलमेंट के संबंध में नियमानुसार प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।
उन्होंने पेयजल व्यवस्था को सुधारने के लिए खुली पड़ी जल लाइनों को भूमिगत करने तथा बिलासपुर कांडली, नैशविला रोड और कैनाल रोड क्षेत्रों में जल आपूर्ति को मजबूत बनाने के लिए संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि मसूरी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सभी योजनाओं को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरा किया जाए, ताकि स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
Reported By: Praveen Bhardwaj










Discussion about this post